छत्तरगाछ में दिखी गंगा जमुनी तहजीब, सैकड़ों रोजेदारों ने साथ किया इफ्तार

SHARE:

किशनगंज/पोठिया/राज कुमार

प्रखंड के छत्तरगाछ में रमजान के पाक महीने की रौनक के बीच एक भव्य इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। सीमांचल राइडर व हक पब्लिक स्कूल के संस्थापक रमीज रेजा उर्फ बंटी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के बच्चे, बुजुर्ग, जनप्रतिनिधि और सैकड़ों रोजेदार एक साथ जुटे। सभी ने मिलकर रोजा खोला और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

हक पब्लिक स्कूल कैंपस में आयोजित इस इफ्तार पार्टी में खास बात यह रही कि इसमें हर समुदाय के लोग शामिल हुए। बड़ी संख्या में हिंदू धर्म के मानने वाले भी पहुंचे और रोजेदारों के साथ बैठकर इफ्तार किया। पूरे माहौल में सौहार्द और एकता की झलक साफ दिखी।

कार्यक्रम से पहले रोजेदारों ने देश में अमन चैन और तरक्की के लिए दुआ मांगी। इसके बाद खजूर, फल और विभिन्न व्यंजनों के साथ रोजा खोला गया। इफ्तार के दौरान पूरे परिसर में भाईचारे और आपसी सम्मान का माहौल बना रहा।

युवा नेता मोहम्मद आलीम और बिल्डर तारिक उर्फ प्रिंस ने बताया कि रमीज रेजा उर्फ बंटी हर साल रमजान में इस तरह का आयोजन करते हैं। इसमें सभी समुदाय के लोगों को आमंत्रित किया जाता है। इससे सामाजिक एकता मजबूत होती है और लोगों के बीच दूरी कम होती है।

आयोजक रमीज रेजा उर्फ बंटी ने कहा कि रमजान बरकतों का महीना है। इस महीने में नेक काम करने का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि इफ्तार पार्टी जैसे आयोजन से लोगों के बीच मोहब्बत और मेलजोल बढ़ता है। उन्होंने आए सभी मेहमानों का आभार जताया और कहा कि उन्हें खुशी है कि हर साल लोग बढ़ चढ़कर इसमें शामिल होते हैं।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे आयोजन ने छत्तरगाछ में गंगा जमुनी तहजीब की खूबसूरत तस्वीर पेश की।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई