टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड कार्यालय में शनिवार को अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी मो. इरफान आलम की अध्यक्षता में राजस्व से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड क्षेत्र के सभी राजस्व कर्मचारी, पंचायत सचिव एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान प्रखंड क्षेत्र में लंबित पड़े राजस्व मामलों की बिंदुवार समीक्षा की गई। विशेष रूप से भूमि विवाद, दाखिल- खारिज, लगान वसूली, परिमार्जन, अंचल से जुड़े अन्य राजस्व मामलों तथा जन शिकायतों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। अपर समाहर्ता ने अधिकारियों से लंबित मामलों की प्रगति की जानकारी ली और कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
मो. इरफान आलम ने स्पष्ट रूप से कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी राजस्व कर्मचारियों और पंचायत सचिवों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और नियमानुसार उसका शीघ्र समाधान किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों में पारदर्शिता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, ताकि आम लोगों का प्रशासन पर विश्वास बना रहे। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यालय में आने वाले फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेकर समाधान की दिशा में त्वरित कार्रवाई की जाए।
बैठक के दौरान यह भी निर्देश दिया गया कि लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाए और प्रत्येक राजस्व कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्र में लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का प्रयास करें। साथ ही भूमि विवाद जैसे मामलों में स्थानीय स्तर पर समन्वय स्थापित कर समाधान निकालने पर भी जोर दिया गया।
अंत में अपर समाहर्ता ने सभी कर्मियों से अपेक्षा जताई कि वे अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करें और सरकारी योजनाओं एवं राजस्व संबंधी कार्यों को समय पर पूरा कर आम जनता को बेहतर सेवा प्रदान करें। बैठक के माध्यम से प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने पर विशेष बल दिया गया।



























