टेढ़ागाछ अंचल कार्यालय में जनता दरबार आयोजित, भूमि विवाद से जुड़े मामलों की हुई सुनवाई

SHARE:

किशनगंज /विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय स्थित अंचल कार्यालय में शनिवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस जनता दरबार में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों से पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद से संबंधित अपनी-अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्व अधिकारी अरुण पांडेय ने की।
जनता दरबार में पहुंचे फरियादियों ने जमीन की नापी, सीमांकन, आपसी भूमि विवाद एवं अन्य राजस्व संबंधी मामलों को लेकर आवेदन दिए।

राजस्व अधिकारी अरुण पांडेय ने कहा कि प्रखंड क्षेत्र से आए लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी तरीके से समाधान करना है, ताकि उन्हें छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।

उन्होंने आगे बताया कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों में से एक भूमि विवाद के मामले का आपसी समन्वय के साथ मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जिससे दोनों पक्षों को राहत मिली। अन्य मामलों को भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

इस अवसर पर कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा विवादित मामलों में आवश्यक सहयोग के लिए टेढ़ागाछ थाना, बीबीगंज थाना एवं फतेहपुर थाना के पुलिस प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर ऐसे मामलों का समाधान कराया जाएगा।

जनता दरबार में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और अपनी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। प्रशासन द्वारा इस प्रकार नियमित रूप से जनता दरबार आयोजित किए जाने से लोगों में उम्मीद जगी है कि उनकी समस्याओं का समय पर समाधान हो सकेगा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई