टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत खनियाबाद पंचायत स्थित इंडियन गैस एजेंसी के गोदाम का शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विजय कुमार विश्वास तथा टेढ़ागाछ थाना अध्यक्ष सृष्टि कुमारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गैस गोदाम में उपलब्ध एलपीजी सिलेंडरों के भंडारण, वितरण व्यवस्था तथा सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। साथ ही यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया कि प्रखंड क्षेत्र के उपभोक्ताओं को समय पर गैस की आपूर्ति हो रही है या नहीं। अधिकारियों ने गैस एजेंसी संचालक से भी वितरण व्यवस्था की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने निरीक्षण के बाद कहा कि प्रखंड क्षेत्र में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को घबराने की किसी प्रकार की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की कमी या अनियमितता की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने गैस एजेंसी संचालक को निर्देश दिया कि सभी लाभुकों को नियमानुसार और समय पर गैस उपलब्ध कराई जाए। वहीं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विजय कुमार विश्वास ने बताया कि गैस एजेंसी के गोदाम में पर्याप्त मात्रा में एलपीजी सिलेंडरों का भंडारण किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रखंड क्षेत्र के सभी उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस की आपूर्ति की जा रही है और भविष्य में भी किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी प्रकार की परेशानी होने पर सीधे संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया और एजेंसी संचालक को गैस भंडारण से संबंधित सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुचारू बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। प्रशासनिक अधिकारियों के इस निरीक्षण से उपभोक्ताओं में विश्वास बढ़ा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रखंड क्षेत्र में एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।



























