टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र अंतर्गत हवाकोल पंचायत के गोढिया हाट वार्ड संख्या–2 से एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 12 वर्षीय किशोर किशन कुमार ऋषिदेव का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक किशन कुमार ऋषिदेव, पिता पंचानंद ऋषिदेव, अपने नाना के घर गोढिया हाट के निकट गांव में रह रहा था। परिजनों के अनुसार, किशन कुमार सोमवार से ही लापता था।
बच्चे के अचानक गायब होने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। मंगलवार को गोढिया हाट गांव में ही स्थानीय लोगों ने एक बच्चे को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। जब ग्रामीणों ने पास जाकर देखा तो उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और खून से सिर लथपथ था।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले बच्चे को अचेत समझा गया, लेकिन जब उसे उल्टा कर देखा गया तो वह मृत अवस्था में पड़ा था। इसके बाद घटना की सूचना तुरंत टेढ़ागाछ थाना को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
मौके पर पहुंचे सहायक थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि इस मामले में अब तक गुमशुदगी का कोई लिखित आवेदन थाने में प्राप्त नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
स्थानीय लोग मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग कर रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि किशोर की मौत हादसा है या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा।खबर लिखे जाने तक पुलिस द्वारा अग्रतर जांच जारी थी और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही थी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।





























