पौआखाली/रणविजय
जिले के भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल और सुखानी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए केले की तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया है. एसएसबी और पुलिस ने सोमवार की रात्रि गुप्त सूचना के बाद थाना क्षेत्र के दुराघाटी गांव के समीप से यूपी नंबर यूपी 32टीएन-8883 ट्रक को जब्त किया है जिसमें भारी मात्रा में केला लदा हुआ था. सूचना के आधार पर एसएसबी और पुलिस की टीम ने जाल बिछाया और संदिग्ध ट्रक को घेर लिया.
जाँच के दौरान ट्रक से लगभग 11,480 किलोग्राम यानी 11 टन 480 किलोग्राम केला बरामद किया है. प्रारंभिक जाँच में पता चला है कि यह खेप उत्तर प्रदेश से लाई गई थी और इसे अवैध रूप से सीमा पार नेपाल भेजने की तैयारी थी. पुलिस ने ट्रक सहित पूरे माल को अपने कब्जे में ले लिया है और ट्रक के चालक अजय कुमार यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की है. थानाध्यक्ष मनु कुमारी के मुताबिक जब्त केले की खेप और ट्रक चालक को कागजी प्रक्रिया उपरांत फारबिसगंज कस्टम को सौप दिया गया है.
उन्होंने बताया कि जब्त ट्रक में लदे केले का बिल्टी ठाकुरगंज के नाम से था, लेकिन ट्रक को ठाकुरगंज से काफी पहले और सीमावर्ती गांव के समीप लाकर रखा गया था जहां पुलिस और एसएसबी के पहुंचते ही वहां मौजूद दो तीन ट्रैक्टर भाग खड़े हुए. बताया जा रहा है कि उन्ही ट्रैक्टरों के जरिए केले की खेप को सीमा पार ले जाने की तैयारी थी. गौरतलब है कि आमतौर पर सीमा पर खाद या खाद्यान्न की तस्करी देखी जाती है, लेकिन इतनी बड़ी मात्रा में केले की जब्ती पहली बार सामने आई है.
बहरहाल पुलिस धंधे के पीछे कौन लोग शामिल है या फिर कोई सिंडीकेट काम कर रहा है इसकी पड़ताल में जुट गई है. सूत्रों की माने तो इस इलाके में चोरी छिपे छोटे वाहनों में इस तरह के धंधे को अंजाम दिया जाता था लेकिन जब धंधा ट्रक से बड़े पैमाने पर शुरू किया गया तब जाकर मामले का उजागर हुआ है.





























