किशनगंज /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में चल रहे किसान फार्मर रजिस्ट्रेशन शिविर का शनिवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार एवं अंचलाधिकारी शशि कुमार ने संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया। इस क्रम में धवेली एवं भोरहा पंचायत में आयोजित शिविरों का जायजा लिया गया और वहां उपस्थित कर्मियों से कार्य प्रगति की जानकारी प्राप्त की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने किसानों की सुविधा, दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया तथा तकनीकी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। साथ ही संबंधित कर्मियों को शिविरों में पारदर्शिता बनाए रखने, किसानों को सही जानकारी देने एवं समयबद्ध तरीके से पंजीकरण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी पात्र किसान को पीएम किसान योजना से वंचित न रहना पड़े।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने कहा कि “टेढ़ागाछ प्रखंड में अब तक 6000 से अधिक पीएम किसान लाभार्थियों की आईडी बनाई जा चुकी है। यह कार्य अभी भी प्रगति पर है। प्रत्येक पंचायत में आयोजित किसान फार्मर रजिस्ट्रेशन शिविर के माध्यम से शेष पात्र किसानों का पंजीकरण जल्द से जल्द पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।” उन्होंने कर्मियों से समन्वय के साथ कार्य करने और किसानों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने की अपील की।
अंचलाधिकारी शशि कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि किसान फार्मर रजिस्ट्रेशन शिविर किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि “राज्य एवं केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ किसानों तक तभी पहुंचेगा, जब उनका पंजीकरण सही एवं पूर्ण होगा। इसलिए सभी कर्मी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।”
उन्होंने दस्तावेजों की जांच में सतर्कता बरतने और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान कई किसानों से अधिकारियों ने सीधे संवाद भी किया और उनकी समस्याओं को सुना।अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि किसान हित से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। शिविरों के निरीक्षण से प्रशासनिक सक्रियता का सकारात्मक संदेश क्षेत्र में गया है।



























