टेढ़ागाछ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: टेंपो से 431 बोतल नेपाली देसी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार।

SHARE:

विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ

किशनगंज जिले की टेढ़ागाछ थाना पुलिस द्वारा शराब तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।उसी क्रम में मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सोमवार देर रात बलुआ जागीर रेलवे क्रॉसिंग के पास एक टेंपो से भारी मात्रा में नेपाली देसी शराब बरामद किया है।

पुलिस ने मौके से दो शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।जानकारी के अनुसार टेढ़ागाछ थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि झाला की ओर से एक टेंपो में अवैध शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और बलुआ जागीर रेलवे क्रॉसिंग के पास घेराबंदी कर वाहन जांच अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान झाला की ओर से आ रहे एक संदिग्ध टेंपो को रोककर उसकी तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान टेंपो में रखे बोरे और बैग से रश्मि लीची ब्रांड की नेपाली देसी शराब की कुल 431 बोतल बरामद की गई। बरामद शराब की कुल मात्रा 129.3 लीटर बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर ही टेंपो में सवार दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान मंजर हुसैन (35), पिता जाल मोहम्मद तथा अली हुसैन (35), पिता जब्बार, दोनों निवासी सिकटिया वार्ड संख्या 4, थाना जोकीहाट, जिला अररिया के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त टेंपो को भी जब्त कर लिया है।


इस कार्रवाई में सहायक थानाध्यक्ष रितेश कुमार, एएसआई रोहित रंजन, दिलीप कुमार, सरोज कुमार सहित अन्य पुलिस बल सक्रिय रूप से शामिल रहे। इस संबंध में टेढ़ागाछ थानाध्यक्ष मोहम्मद इजहार आलम ने बताया कि क्षेत्र में नशे के कारोबार पर पूरी तरह से लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है।

उन्होंने कहा कि नशे के सौदागरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और किसी भी सूरत में शराब तस्करों तथा मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रखेगी ताकि क्षेत्र को नशामुक्त बनाया जा सके।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई