किशनगंज/विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चिल्हनियां पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय आमबाड़ी के 65 छात्र-छात्राओं को मंगलवार को मुख्यमंत्री परिभ्रमण योजना के तहत शैक्षणिक भ्रमण के लिए रवाना किया गया। विद्यार्थियों को अररिया जिले के क्रोशियार गांव स्थित पार्क के भ्रमण के लिए बस से भेजा गया। इस अवसर पर स्थानीय बुद्धिजीवियों और वार्ड सदस्य ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक अनिल कुमार पासवान ने बताया कि मुख्यमंत्री परिभ्रमण योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक और अनुभवात्मक ज्ञान प्रदान करना है। इससे बच्चों को नए स्थानों को देखने, समझने और सीखने का अवसर मिलता है, जो उनके मानसिक और शैक्षणिक विकास में सहायक होता है।
सहायक शिक्षक अनिल कुमार सिंह ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक भ्रमण अत्यंत आवश्यक है। इस तरह के कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में नई चीजों को जानने की उत्सुकता बढ़ती है और उनका आत्मविश्वास भी मजबूत होता है।भ्रमण के दौरान बच्चों की देखरेख के लिए शिक्षकों के साथ-साथ अभिभावकों को भी शामिल किया गया है।
जयदेव प्रसाद सिंह सहित कई अभिभावक भी बच्चों के साथ इस शैक्षणिक यात्रा पर गए हैं, ताकि बच्चों की सुरक्षा और सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा सके।
विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि इस भ्रमण से छात्र-छात्राओं को नई जानकारी मिलेगी और वे अपने अनुभवों से बहुत कुछ सीख सकेंगे। वहीं अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के ज्ञान और व्यक्तित्व विकास के लिए काफी लाभदायक साबित होते हैं।




























