मुख्यमंत्री परिभ्रमण योजना के तहत पंखाबाड़ी विद्यालय के 50 छात्र-छात्राएं शैक्षणिक भ्रमण पर रवाना

SHARE:

किशनगंज /विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चिल्हनियां पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय पंखाबाड़ी के 50 छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री परिभ्रमण योजना के तहत बुधवार को शैक्षणिक भ्रमण के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर पूर्व उप मुखिया आनंद कुमार ठाकुर एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय कुमार मंडल ने बस को हरी झंडी दिखाकर बच्चों को अररिया जिले के कोशियार गांव स्थित पार्क के लिए रवाना किया।

विद्यालय परिसर में आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम के दौरान बच्चों और अभिभावकों में काफी उत्साह देखा गया। बच्चों ने भी भ्रमण को लेकर खुशी जाहिर की और उत्साहपूर्वक बस में सवार होकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। इस दौरान विद्यालय परिवार और स्थानीय लोगों ने बच्चों को शुभकामनाएं दीं। पूर्व उप मुखिया आनंद कुमार ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री परिभ्रमण योजना सरकार की एक सराहनीय पहल है।

इस योजना के माध्यम से बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ बाहरी दुनिया को देखने और समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान और अनुभव भी प्राप्त होना चाहिए। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण से बच्चों के ज्ञान का विस्तार होता है और उनमें नई चीजें सीखने की प्रेरणा मिलती है।

वहीं विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय कुमार मंडल ने बताया कि मुख्यमंत्री परिभ्रमण योजना के अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय पंखाबाड़ी के कुल 50 छात्र-छात्राओं को अररिया जिले के कोशियार गांव स्थित पार्क के लिए शैक्षणिक भ्रमण पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम से बच्चों के मानसिक और बौद्धिक विकास में सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। साथ ही विद्यार्थियों को प्रकृति और सामाजिक परिवेश को करीब से देखने और समझने का अवसर भी मिलता है।

उन्होंने बताया कि भ्रमण के दौरान बच्चों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन की देखरेख में बच्चों को शैक्षणिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा, ताकि वे नई जानकारियां प्राप्त कर सकें।


इस मौके पर वार्ड सदस्य प्रतिनिधि सुंदरलाल मांझी, अभिभावक शंभू कुमार झा तथा विद्यालय की भीएसएस (विद्यालय शिक्षा समिति) के सदस्य भी बच्चों के साथ परिभ्रमण पर गए। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार, अभिभावकों और स्थानीय लोगों की उपस्थिति से माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि इस शैक्षणिक भ्रमण से बच्चों को नई प्रेरणा और ज्ञान प्राप्त होगा, जिससे उनकी पढ़ाई में रुचि और बढ़ेगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई