किशनगंज /प्रतिनिधि
जिले के ठाकुरगंज थाना की पुलिस ने मवेशी लूट के मामले में नामजद आरोपी मंजर को शुक्रवार की रात्रि को गिरफ्तार किया है। इसकी पुष्टि एसपी सागर कुमार ने की है।शुक्रवार रात पुलिस ने लहरा चौक एसएसटी के पास पीछा कर उसे पकड़ा है। पूछताछ के बाद आरोपी जेल भेजने की प्रक्रिया जारी थी।उसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
एसपी सागर कुमार ने बताया कि ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में मवेशी व्यापारी से रंगदारी मांगने के मामले में बहादुरगंज निवासी मंजर को गिरफ्तार किया गया है। टेक्निकल साक्ष्य के बाद आरोपी को पकड़ा गया है।अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है।घटना 11 अगस्त की है।पकड़े गए आरोपी पर जिरनगच्छ टोल प्लाजा के पास मंजर और उसके 10-12 साथियों पर असम के कोकराझार निवासी के ट्रक को रोककर रंगदारी मांगे का आरोप लगा था।
पीड़ित मुजफ्फरनगर (यूपी) से मवेशी खरीदकर एनएच 27ई के रास्ते असम लौट रहा था।ट्रक को जबरन रोककर व्यापारी और उसके साथियों के साथ मारपीट का आरोप लगा था।उस समय ठाकुरगंज थाना की पुलिस को घटना की सूचना दी गई थी।सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी।पीड़ित की शिकायत पर ठाकुरगंज थाने में केस दर्ज किया गया था। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है। आरोपी मंजर की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है।




























