किशनगंज /सागर चन्द्रा
रूईधासा निवासी महिला का संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो जाने का मामला सामने आया है। हालांकि घटना के बाद रूईधासा निवासी ससुराल वालों ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया था। लेकिन चिकित्सक के द्वारा जांचोपरांत 19 वर्षीय तनजरा खातून पति मनारूल को मृत घोषित करते ही ससुराल वाले शव का पोस्टमार्टम कराये बिना ही उसे अपने घर लेकर चले गए।
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही महीनगांव निवासी मायके वाले भी मृतका के ससुराल पहुंच गए और गला घोंटकर कर हत्या करने का आरोप लगा कर हंगामा करने लगे। इसबीच घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ अनवर जावेद अंसारी, टाउन थानाध्यक्ष सुमन कुमार सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित मायके वालों को समझा बुझाकर शांत कराया।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। एसडीपीओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। उन्होंने बताया कि मृतका के परिजनों के द्वारा मामले की लिखित शिकायत की गई है।पुलिस निश्पक्ष जांच कर रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाऐगा।




























