अमित शाह ने बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय में अधिकारियों के साथ की बैठक, सीमा पर कड़ी निगरानी रखने सहित दिए अन्य निर्देश

SHARE:

किशनगंज /सागर चन्द्रा

केंद्रीय गृह मंत्री व भारत के सहकारिता मंत्री अमित शाह ने खगड़ा स्थित बीएसएफ सैक्टर मुख्यालय का दौरा किया। उनके साथ केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय भी थे। मुख्यालय पहुंचते ही पंकज कुमार सिंह, आईपीएस, महानिदेशक बीएसएफ, एस एल थाओसेन, आईपीएस, महानिदेशक, एसएसबी सहित अन्य अधिकारियों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।

बीएसएफ उत्तर बंगाल फ्रंटियर के महानिरीक्षक ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर उभरती चुनौतियों और उनसे निपटने की रणनीतियों पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने भारत-बांग्लादेश सीमा पर विशिष्टताओं, वर्तमान परिदृश्य और बीएसएफ द्वारा अपनाए गए सीमा सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी दी। तत्पश्चात एसएसबी के महानिरीक्षक और आईटीबीपी के महानिरीक्षक ने भी केंद्रीय गृह मंत्री को एक प्रस्तुति दी।

वहीं अधिकारियों के साथ बातचीत के दौरान अमित शाह ने सीमा पार अपराधियों और राष्ट्र विरोधी तत्वों की नापाक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चौबीसों घंटे सीमा पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्यूटी के दौरान सैनिकों के सामने आने वाली समस्याओं के बारे में भी चर्चा की और ईमानदारी और समर्पण के साथ मातृभूमि के लिए उनकी निस्वार्थ सेवा के लिए उनकी प्रशंसा की। इस मौके पर उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा परिदृश्य की भी समीक्षा की। बैठक के बाद केंद्रीय गृह मंत्री बीएसएफ के हेलीकॉप्टर से बागडोगरा और आगे बीएसएफ एम्ब्रेयर विमान में दिल्ली के लिए रवाना हो गये।

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!