किशनगंज /प्रतिनिधि
शुक्रवार को जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री के द्वारा विगत दिनों भारी वर्षा के कारण बाढ़ की संभावनाओं के मद्देनजर बाढ़ निरोधात्मक कार्यों के अनुश्रवण के क्रम में किशनगंज जिले के किशनगंज प्रखण्ड, ठाकुरगंज प्रखण्ड एवं दिघलबैंक प्रखण्ड के क्षेत्र का भ्रमण किया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा किशनगंज प्रखण्ड में महानंदा नदी के किनारे अवस्थित ग्राम पंचायत दौला में कटाव निरोधी कार्य का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान महानंदा नदी के द्वारा किये जा रहे कटाव को रोकने हेतु मौके पर उपस्थित कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण एवं निस्सरण, किशनगंज को कटाव निरोधी कार्य द्रुत गति से करने का निदेश दिया गया ।

जिला सूचना जनसंपर्क कार्यालय द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि जिला पदाधिकारी द्वारा ठाकुरगंज प्रखण्ड में मेची नदी के किनारे अवस्थित पथरिया पंचायत में कटाव निरोधी कार्य का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मेची नदी के द्वारा हो रहे कटाव को रोकने हेतु कटाव निरोधी कार्य करने निमित्त कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण एवं निस्सरण, किशनगंज को निदेशित किया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा दिघलबैंक प्रखण्ड में कनकई नदी से आदर्शग्राम ईकड़ा में हो रहे कटाव का निरीक्षण किया गया। मौके पर उपस्थित कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण एवं निस्सरण, किशनगंज को ग्राम पंचायत ईकड़ा में कटाव निरोधी कार्य को प्राथमिकता के आधार पर करने निदेश दिया गया। जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा दिघलबैंक में निरीक्षण के दौरान मौके पर विधायक, ठाकुरगंज भी उपस्थित थे।
मालूम हो की जिला पदाधिकारी द्वारा किशनगंज जिले में संभावित बाढ़ से निपटने के लिए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का नियमित रूप से दौरा किया जा रहा है तथा वैसे तटबंध जहाँ बाढ़ के पानी से कटाव की संभावना अधिक है। तथा भीषण बाढ़ की संभावना है, कटाव निरोधी कार्य तथा तटबंध की मरम्मति कार्य पर जिला पदाधिकारी द्वारा व्यक्तिगत रूप से ध्यान दिया जा रहा है तथा संबंधितों को कटावनिरोधी कार्यों को तत्परता से करने का निदेश दिया जा रहा है।
जिला पदाधिकारी के साथ निरीक्षण के दौरान मौके पर उप विकास आयुक्त किशनगंज अनुमंडल पदाधिकारी किशनगंज, प्रभारी पदाधिकारी जिला आपदा प्रबंधन किशनगंज, संबंधित प्रखण्ड के अंचलाधिकारी एवं प्रखण्ड स्तरीय पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल, किशनगंज – 1, कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल, किशनगंज- 2, कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग, पथ प्रमंडल, किशनगंज, सभी कार्य विभाग के सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता उपस्थित थे।