किशनगंज /सागर चन्द्रा
आरपीएफ टीम ने गुप्त सूचना पर छापेमारी कर फर्जी तरीके से रेल टिकट बना कर कालाबाजारी करने मामले का भंडाफोड़ किया है। शहर से सटे बंगाल के पांजीपाड़ा स्थित ट्रेवल प्वाइंट नामक दुकान से विभिन्न महानगरों के 27 रेल टिकट सहित 11 पीआरएस काउंटर टिकट बरामद होते ही संचालक मो. सिद्धिकी रहमानी को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके साथ ही दुकान में रखे कंप्यूटर सेट, मोबाइल, प्रिंटर आदि को भी जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध किशनगंज आरपीएफ थाने में रेलवे एक्ट की धारा 143 के तहत केस दर्ज कर गुरुवार को उसे जेल भेज दिया गया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर बीएन धर ने बताया कि आरोपी पर्सनल आईडी से टिकट बना कर कालाबाजारी करता था। जो पूरी तरह से गैरकानूनी है। जिसकी जानकारी मिलते ही आरपीएफ की स्पेशल टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध रेलवे एक्ट की धारा 143 के तहत केस दर्ज कर गुरुवार को इस्लामपुर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि इलाके में सक्रिय टिकट कालाबाजारियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। आरपीएफ का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।




























