एसडीआरएफ ने कड़ी मशक्कत के बाद नदी से निकाला, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
सरपंच ने प्रशासन से अविलंब मुआवजा देने की मांग की
बरारी /कटिहार – काढ़ागोला गंगा नदी में रविवार को डूबे 16 वर्षीय किशोर शानू कुमार का शव सोमवार दोपहर करीब 24 घंटे बाद एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। जबकि पूरे घुसकी गांव में मातम पसरा है।जानकारी के अनुसार रौनिया पंचायत के वार्ड संख्या-12 स्थित घुसकी गांव निवासी छोटे लाल यादव का पुत्र शानू कुमार रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे भैंस चराने के लिए 8 नंबर ठोकर से गंगा पार दियारा जा रहा था।
इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह गंगा की तेज धारा में बह गया था। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने काफी देर तक तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। सोमवार को लगातार चलाए गए सर्च अभियान के दौरान एसडीआरएफ ने किशोर का शव नदी से बाहर निकाला।
मौके पर अंचलाधिकारी मनीष कुमार, रौनिया पंचायत के सरपंच अमित कुमार यादव, बरारी थाना के एसआई अमन कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।सरपंच अमित कुमार यादव ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को अविलंब सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। अंचलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।


























