सावन की पहली सोमवारी पर ठाकुरगंज के हरगौरी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

SHARE:

ठाकुरगंज/कुलभूषण सिंह

सावन माह की पहली सोमवारी पर ठाकुरगंज स्थित ऐतिहासिक हरगौरी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अहले सुबह से ही शिवभक्त हाथों में जल, बेलपत्र, धतूरा, आक, पुष्प और पूजा सामग्री लेकर मंदिर पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक एवं पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की।

ठाकुरगंज का हरगौरी मंदिर धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से क्षेत्र का प्रमुख आस्था केंद्र माना जाता है। इस मंदिर की सबसे बड़ी विशेषता यहां स्थापित भगवान अर्धनारीश्वर की दिव्य प्रतिमा है, जो भगवान शिव और माता पार्वती के संयुक्त स्वरूप का प्रतीक है। इस अनूठी प्रतिमा के दर्शन के लिए सावन माह में दूर-दराज के गांवों सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।

पहली सोमवारी के अवसर पर मंदिर परिसर में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। कई श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया, जबकि महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना के साथ विशेष पूजा-अर्चना की।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर प्रबंधन एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। मंदिर परिसर में दर्शन के लिए कतारबद्ध व्यवस्था बनाई गई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पूरे दिन श्रद्धालु शांतिपूर्ण ढंग से पूजा-अर्चना करते रहे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हरगौरी मंदिर में लोगों की गहरी आस्था है। मान्यता है कि सच्चे मन से भगवान अर्धनारीश्वर की पूजा करने पर भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यही कारण है कि सावन के प्रत्येक सोमवार को यहां हजारों श्रद्धालु दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!