संवाददाता/किशनगंज
भूतनाथ गौशाला कांवरिया सेवा समिति के अध्यक्ष एवं एमजीएम यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. इच्छित भारत तथा अन्य अतिथियों ने फीता काटकर श्रावणी मेले का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान, समिति सदस्य संजय पासवान, मुकेश मलिक सहित कई गणमान्य लोग एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
उद्घाटन के बाद डॉ. इच्छित भारत ने बाबा भूतनाथ का जलाभिषेक किया और श्रद्धालुओं के बीच शरबत वितरित कर सेवा कार्य का शुभारंभ किया।
पत्रकारों से बातचीत में डॉ. इच्छित भारत ने बताया कि 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाले इस श्रावणी मेले का उद्घाटन आज भूतनाथ गौशाला सेवा समिति द्वारा किया गया है। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक एवं बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि एक माह तक चलने वाले इस आयोजन में किसी भी भक्त को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि समिति ने पेयजल, विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की है। साथ ही भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल द्वारा विकास कार्यों के लिए भूतनाथ गौशाला सेवा समिति को 10 लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराने पर उनका आभार एवं बधाई भी व्यक्त की।

























