ओवरलोडिंग का चालान काटना एमवीआई को पड़ा महंगा
बालू माफियाओं ने जबरन वाहन रोककर की मारपीट, केस दर्ज
सागर चंद्रा/ किशनगंज
ओवरलोडिंग का चालान काटना एमवीआई को महंगा पड़ गया। इलाके में सक्रिय बालू माफियाओं ने अपने गुर्गों के साथ मिलकर उनके वाहन को रोक दिया और उसके साथ मारपीट कर हत्या करने की धमकी दी। हालांकि घटना के बाद एमवीआई रविन्द्र कुमार राम पुलिस की सहायता से अपनी जान बचाने में सफल रहे।
पीड़ित एमवीआई की लिखित शिकायत पर टाउन थाने में एक नामजद सहित 25 अज्ञात लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। जिससे फिलहाल पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार गत रविवार शाम एमवीआई रविंद्र कुमार राम पोठिया थाना काण्ड संख्या 315/25 में जब्त वाहन का यांत्रिक जांच करने के लिए पोठिया थाना गये थे। जहां से वापस लौटने के दौरान बोमाबस्ती गाछपाड़ा के पास बालू माफियाओं ने बीआर 37 जीए 7910 नंबर की ट्रैक्टर को बीच सड़क पर खड़ी कर उनके वाहन को रोक दिया। माफियाओं और उनके गुर्गों ने एमवीआई और सिपाही को वाहन से खींच कर नीचे उतारा और दुर्व्यवहार करते हुए मारपीट की।
इस दौरान उन्हें हत्या करने की धमकी भी दी गई। स्थिति की भयावहता को देखते हुए एमवीआई ने फौरन टाउन थानाध्यक्ष मुकेश कुमार को घटना से अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद एमवीआई को बदमाशों से बचाते हुए अपने कब्जे में ले लिया। हालांकि पुलिस के द्वारा सख्त रूख अख्तियार करते ही सभी आरोपी मौके से फरार हो गया। लेकिन पुलिस ने गाछपाड़ा वार्ड नंबर 9 निवासी अबू बकर, पिता अब्दुल लतीफ को गिरफ्तार कर लिया।


























