किशनगंज:जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पुलिस बल तैनात

SHARE:

प्रतिनिधि/किशनगंज

सावन की पहली सोमवारी को लेकर शहर सहित जिले के सभी प्रमुख एवं भीड़भाड़ वाले शिव मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर ली गई है। मंदिरों में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सोमवार तड़के से ही पुलिस बलों की तैनाती रहेगी।जिले में सबसे अधिक भीड़ बेलवा स्थित ओदरा घाट (डोंक नदी), भूतनाथ गौशाला मंदिर और ठाकुरगंज स्थित हरगौरी मंदिर में जुटती है, जिसे ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

रविवार को एसडीएम अनिकेत कुमार और सीओ राहुल कुमार ने बेलवा स्थित ओदरा घाट और भूतनाथ गौशाला शिव मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर कमिटी के सदस्यों से व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली।ओदरा घाट पर अत्यधिक भीड़ जुटती है, जहां से श्रद्धालु डोंक नदी से पवित्र जल भरकर 15 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर भूतनाथ गौशाला शिव मंदिर पहुंचते हैं और जलाभिषेक करते हैं। श्रद्धालुओं की इस यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए ओदरा से मंदिर तक के पूरे मार्ग में संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।


सावन की पहली सोमवारी को लेकर भीड़ वाले मंदिरों और श्रद्धालुओं के पैदल मार्ग का जायजा लिया गया है, ताकि शिव भक्तों को आवागमन और पूजा-अर्चना में कोई असुविधा न हो। एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह और किशनगंज सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार भी विभिन्न मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नज़र बनाए हुए हैं।डीएम नवीन कुमार कनीय अधिकारियों से स्थिति की निरंतर समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।भीड़ प्रबंधन के लिए प्रमुख मंदिरों में महिला पुलिसकर्मियों की भी विशेष प्रतिनियुक्ति की गई है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!