डेस्क/न्यूज लेमनचूस
भारतीय जनता पार्टी ने बिहार विधान परिषद की दो सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव के प्रत्याशी के नाम की घोषणा शनिवार को कर दी है। मालूम हो कि पूर्व केंद्रीय मंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन को बीजेपी ने अपना उम्मीदवार बनाया है। सीमांचल के किशनगंज जिले से अपने राजनैतिक जीवन का शुभारंभ करने वाले बीजेपी के फायर ब्रांड प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन अब बिहार की राजनीति में अपना दमखम दिखाएंगे ।
बता दे कि श्री हुसैन 1999 में पहली बार सबसे कम उम्र में सांसद बने थे और अटल बिहारी वाजपेई की सरकार में उन्होंने कई मंत्रालयों यथा कपड़ा,कोयला, खाद्य प्रसंस्करण,नागरिक उड्डयन मंत्रालय की जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन किया था ।
गौरतलब हो कि राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी और विजय नारायण झा के इस्तीफा देने के बाद से बिहार विधान परिषद की दो सीटें खाली हुई हैं। सुशील मोदी अब राज्यसभा जा चुके हैं। वहीं पिछले साल हुए चुनाव में जीत हासिल कर विनोद नारायण झा विधायक बनकर विधानसभा पहुंच चुके हैं।
पार्टी सूत्रों की माने तो बिहार में जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार होगा जिसमें उन्हें बड़ी जिम्मेदारी पार्टी के द्वारा दी जा सकती है ।शाहनवाज हुसैन के नाम की घोषणा किए जाने के बाद बीजेपी नेताओं ने बधाई दी है ।






























