सड़क किनारे घायल अवस्था में बरामद युवक को पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती, स्थित गंभीर
सिर पर धारदार हथियार से वार करने के निशान
सागर चंद्रा/किशनगंज
कोचाधामन थाना क्षेत्र के टिटिहा गांव के समीप सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे से एक युवक को घायलावस्था में बरामद किया गया। उसके सिर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। प्रथमदृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा था कि हमलावर ने उसे मृत मान कर सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया था।
गस्त पर निकली पुलिस टीम की नजर सर्वप्रथम घायल युवक पर पड़ी। पुलिस ने घायल की पहचान कोचाधामन थाना क्षेत्र के सोंथा दर्जी टोला निवासी 21 वर्षीय अकमल यजदानी के रूप में की। पुलिस ने उसे इलाज के लिए कोचाधामन पीएचसी में भर्ती कराया। जहां से उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
लेकिन इलाज के दौरान तबीयत बिगड़ जाने पर उसे सदर अस्पताल से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि अकमल के सिर से उसके पिता का साया उठ गया है और मां भी बीमार रहती है। अकमल मेहनत मजदूरी कर किसी तरह जीवन यापन करता था।
मध्य रात्रि तक उसे सोंथा हाट में ही देखा गया था। लेकिन अल सुबह उसे सोंथा से दूर टिटिहा के समीप पुलिस ने घायल अवस्था में बरामद किया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया है। स्थानीय लोग मामले की जांच कर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं।



























