अमदाबाद /कटिहार – थाना क्षेत्र के मुर्ली राम टोला के समीप शनिवार को दो बाइकों की टक्कर में चाचा-भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को एंबुलेंस से अमदाबाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए कटिहार सदर अस्पताल रेफर कर दिया।जानकारी के अनुसार गोपालपुर सीज निवासी फूल कुमार मंडल (26) और प्रदीप मंडल (21) स्प्लेंडर प्लस बाइक से शादी का निमंत्रण देने पश्चिम बंगाल जा रहे थे।
इसी दौरान मुर्ली राम टोला के पास सामने से आ रही एक पल्सर बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद पल्सर चालक मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही नगर मुख्य पार्षद बबलू मंडल ने एंबुलेंस भेजी।
साथ ही मुख्य पार्षद और जदयू नगर अध्यक्ष संजीव कुमार साह के साथ पीएचसी पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।पीएचसी के चिकित्सक डॉ. मान किरण ने बताया कि दोनों की हालत गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें कटिहार सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

























