मोहर्रम मेले में उमड़ा जनसैलाब, कड़ी सुरक्षा और बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ पर्व

SHARE:

टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह

प्रखंड क्षेत्र के धवेली एवं मटियारी व बैगना कर्बला मैदान में शनिवार को आयोजित मोहर्रम मेले में हजारों श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी। मेले को लेकर तीनों स्थानों के बाजार पूरी तरह सज-धजकर तैयार थे। लोगों ने मेले में पहुंचकर विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का स्वाद लिया तथा खरीदारी का भी आनंद उठाया। पूरे दिन उत्साह, श्रद्धा और भाईचारे का माहौल बना रहा।


मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा एवं सुविधाओं की व्यवस्था की थी। प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार, अंचलाधिकारी शशि कुमार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विजय विश्वास, थानाध्यक्ष दिलशाद खा, अपर थानाध्यक्ष रितेश कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों ने मेले का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी विशेष इंतजाम किए गए थे। मटियारी मोहर्रम बाजार में चिकित्सकों की टीम, आवश्यक दवाइयों एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई थी। वहीं धवेली कर्बला मैदान में एंबुलेंस, मेडिकल टीम तथा दवा स्टॉल की व्यवस्था की गई थी।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि दोनों स्थानों पर चिकित्सा दल पूरे समय तैनात रहा ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके। बीडीओ अजय कुमार ने बताया कि मेले में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी एवं एसएसबी जवानों की तैनाती की गई थी। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई। प्रशासन की सतर्कता, सुरक्षा व्यवस्था एवं लोगों के सहयोग से मोहर्रम पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई