‘व्हॉईस ऑफ मीडिया’ का जंतर-मंतर पर विशाल आंदोलन,देशभर के पत्रकार दिल्ली में भरेंगे हुंकार,29 जुलाई को चलो दिल्ली का नारा

SHARE:

नई दिल्ली : व्हॉईस ऑफ मीडिया वीओएम इंटरनेशनल फोरम के संयुक्त तत्वावधान में पत्रकारों की 50 सूत्रीय राष्ट्रीय मांगों को लेकर 29 जुलाई को नई दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर एक विशाल राष्ट्रीय आंदोलन आयोजित किया जाएगा। इस आंदोलन में देशभर के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, रेडियो, डिजिटल मीडिया, वेब पोर्टल, यूट्यूब, दैनिक, साप्ताहिक, मासिक, फ्रीलांस, ग्रामीण एवं जिला स्तरीय पत्रकार बड़ी संख्या में भाग लेंगे।


इस राष्ट्रीय आंदोलन से पहले पूरे देश में एक महीने तक प्रत्येक राज्य और जिला मुख्यालय पर चरणबद्ध आंदोलन, धरना, प्रदर्शन एवं ज्ञापन अभियान चलाया जाएगा। इन सभी आंदोलनों का समापन 29 जुलाई को जंतर-मंतर, नई दिल्ली में होने वाले विशाल राष्ट्रीय प्रदर्शन के साथ होगा।


इस आंदोलन के माध्यम से पत्रकारों और पत्रकारिता से संबंधित 50 महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मांगें केंद्र सरकार के समक्ष रखी जाएंगी। इनमें राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा कानून, पत्रकारों पर हमलों के विरुद्ध कठोर कानूनी प्रावधान, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा, पेंशन योजना, आवास योजना, ग्रामीण, फ्रीलांस एवं डिजिटल पत्रकारों को मान्यता, पत्रकारों की स्वतंत्रता की रक्षा, सरकारी विज्ञापन नीति में पारदर्शिता तथा राष्ट्रीय पत्रकार कल्याण निगम की स्थापना जैसी महत्वपूर्ण मांगें शामिल हैं।


व्हॉईस ऑफ मीडिया वीओएम इंटरनेशनल फोरम के संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप काळे तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल म्हस्के ने देशभर के सभी पत्रकारों से इस राष्ट्रीय आंदोलन में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया है।


उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी एक वर्ग या माध्यम के पत्रकारों का नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक पत्रकार के सम्मान, सुरक्षा, सामाजिक अधिकारों और प्रेस की स्वतंत्रता से जुड़ा हुआ है। इसलिए केंद्र सरकार को इन न्यायसंगत मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। यदि सरकार इन मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करती है, तो भविष्य में इससे भी व्यापक और मजबूत लोकतांत्रिक आंदोलन चलाया जाएगा।


उन्होंने देशभर के पत्रकारों से राजनीतिक एवं वैचारिक मतभेदों से ऊपर उठकर एकजुट होने और इस ऐतिहासिक राष्ट्रीय आंदोलन में भाग लेने की अपील की है।


संदीप काळे और अनिल म्हस्के ने बताया कि जंतर-मंतर पर आयोजित होने वाले इस आंदोलन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा देश के विभिन्न राज्यों से हजारों पत्रकार इसमें भाग लेने के लिए नई दिल्ली पहुंचेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आंदोलन पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा और लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम सिद्ध होगा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई