KatiharNews:मोहर्रम के अवसर पर धुमधाम से निकाला गया ताजिया जूलूस, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

SHARE:

प्रशासन के देखरेख में आखाडा के खलीफा ने जूलूस निकाला

कटिहार ग्रामीण – जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में मोहर्रम का पर्व परंपरागत भाईचारे, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। गम और शहादत के इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों से अखाड़ों ने ताजिया जुलूस निकाला। जुलूस में शामिल जंगियों ने पारंपरिक युद्ध कौशल का प्रदर्शन कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

पूरे आयोजन के दौरान लोगों ने हजरत इमाम हुसैन की शहादत को याद करते हुए उनके बताए ईमान, सत्य, न्याय और मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और मानवता की रक्षा के लिए दी गई उनकी कुर्बानी को श्रद्धापूर्वक नमन किया। मनिहारी अनुमंडल क्षेत्र में भी मोहर्रम के अवसर पर विभिन्न अखाड़ों के खलीफाओं के नेतृत्व में ताजिया जुलूस निकाला गया।

जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए थाना परिसर स्थित इमामबाड़ा पहुंचा। जहां जंगियों ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया। इसके बाद सभी अखाड़े अपने-अपने ताजियों के साथ कर्बला के लिए रवाना हुए। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही और लोग जुलूस का शांतिपूर्ण तरीके से स्वागत करते नजर आए। मोहर्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।

अनुमंडल पदाधिकारी त्रिलोकी नाथ सिंह, डीएसपी विनोद कुमार, राजस्व एवं भूमि सुधार उपसमाहर्ता रंजीत कुमार,अंचलाधिकारी निहारिका राय, बीडीओ सनत कुमार तथा थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा पुलिस बल के साथ लगातार जुलूस की निगरानी करते रहे। प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रिय मौजूदगी से पूरे आयोजन में शांति और व्यवस्था बनी रही। वहीं नगर मुख्य पार्षद लाखो यादव भी ताजिया जुलूस के साथ भ्रमण करते रहे और लोगों को आपसी भाईचारे, शांति तथा सद्भाव का संदेश देते रहे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई