किशनगंज: अंतरराष्ट्रीय नशा विमुक्ति दिवस-2026 के अवसर पर शुक्रवार को बिहार पुलिस मुख्यालय (मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो) के निर्देश के आलोक में किशनगंज पुलिस द्वारा जिले के सभी थाना परिसरों में नशा मुक्ति एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सभी थानाध्यक्षों तथा पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु शपथ ग्रहण की। इस दौरान सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने, समाज को नशामुक्त बनाने तथा आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सभी थाना परिसरों में वृक्षारोपण किया गया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण, हरित वातावरण के संवर्धन तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया।
साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का भी संकल्प लिया।
किशनगंज पुलिस ने आमजन से नशे के विरुद्ध जागरूक होकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

























