मटियाभिटा गांव में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छीना गया मोबाइल बरामद, ट्रैक्टर लेकर आरोपी फरार, तलाश तेज
किशनगंज/राज कुमार
पोठिया थाना क्षेत्र के दलुआहाट नेपाली चौक पर अवैध बालू खनन की सूचना पर पहुंची पुलिस और कुछ लोगों के बीच हुई हाथापाई
मामले में गुरुवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। घटना के बाद पोठिया थाना क्षेत्र के मटियाभिटा गांव में भारी संख्या में पुलिस बल के साथ छापेमारी अभियान चलाया गया। अचानक दर्जनों पुलिस वाहनों के गांव पहुंचने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
छापेमारी टीम का नेतृत्व ठाकुरगंज एसडीपीओ टू मनोज कुमार सिंह कर रहे थे। टीम में सर्किल इंस्पेक्टर पंकज कुमार पंथ, पोठिया थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर कैप्टन संजय पांडे, पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष फुलेंद्र कुमार, छत्तरगाछ कैंप प्रभारी शैलेश कुमार, ठाकुरगंज थानाध्यक्ष अंजय अमन, अपर थानाध्यक्ष मणिभूषण पासवान सहित भारी संख्या में पुलिस बल शामिल थे।
जानकारी के अनुसार दलुआहाट नेपाली चौक के समीप अवैध बालू ढुलाई की सूचना पुलिस को मिली थी। पोठिया थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर संजय कुमार पांडे ने बताया कि गश्ती के दौरान चिचुआबाड़ी पिकेट प्रभारी ब्रिज प्रसाद बैजू को सूचना मिली थी कि दलुआहाट की ओर अवैध रूप से बालू खनन कर ट्रैक्टर से ढुलाई की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया।
आरोप है कि कार्रवाई के दौरान कुछ ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार, जब्त ट्रैक्टर में लदे बालू को जबरन हाइड्रोलिक कर खाली कर दिया गया। इसके बाद जब पुलिस ट्रैक्टर को जब्त कर थाना ले जाने लगी तो कुछ लोगों द्वारा अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों को मौके पर बुला लिया गया। इसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और पुलिस टीम के साथ हाथापाई की गई।
पुलिस का आरोप है कि कार्रवाई का वीडियो बना रहे पुलिसकर्मी का मोबाइल भी छीन लिया गया। इस घटना को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान शुरू की और गुरुवार को मुख्य आरोपी मटियाभिटा निवासी अबूशमा के घर भारी पुलिस बल के साथ छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस से छीना गया मोबाइल बरामद कर लिया गया। हालांकि आरोपी अबूशमा ट्रैक्टर के साथ मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पोठिया थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर कैप्टन संजय पांडे ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस के साथ हाथापाई करने और मोबाइल छीनने सहित अन्य मामले में पोठिया थाना में कांड दर्ज किया गया है। घटना में शामिल लोगों को चिन्हित किया जा रहा है।
कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इधर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि अवैध खनन और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

























