सात दिनों से अचेत पड़े लावारिस व्यक्ति को पीएचसी ने दिलाई नई जिंदगी, सदर अस्पताल रेफर।

SHARE:

विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ

प्रखंड मुख्यालय स्थित सोमवार को आईसीडीएस एवं मनरेगा कार्यालय के सामने में पिछले सात दिनों से सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़े एक लावारिस व्यक्ति को आखिरकार स्वास्थ्य विभाग की पहल से उपचार मिला। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) टेढ़ागाछ के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने सूचना मिलते ही एंबुलेंस भेजकर उक्त व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया।


पीएचसी में चिकित्सकों द्वारा उसका प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे किशनगंज सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए डॉ. प्रमोद कुमार ने व्यक्ति को नए वस्त्र भी उपलब्ध कराए तथा एंबुलेंस के माध्यम से सुरक्षित रूप से सदर अस्पताल भेजने की व्यवस्था कराई।


स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि उक्त व्यक्ति पिछले सात दिनों से अचेत अवस्था में सड़क किनारे पड़ा हुआ था, लेकिन किसी ने उसकी सुध नहीं ली। स्वास्थ्य विभाग की त्वरित पहल से उसे समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकी। इस दौरान झुनकी मुशहरा पंचायत के उप मुखिया असर जहांन भी मौजूद रहे और पूरे कार्य में सहयोग किया।

स्वास्थ्य विभाग की इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज में सेवा और संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। ग्रामीणों ने डॉ. प्रमोद कुमार एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई