कैंप प्रभारी शैलेश कुमार बोले, अमन में खलल डालने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, भाईचारे के साथ मनाएं पर्व
पोठिया/किशनगंज/राज कुमार
मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को छत्तरगाछ पुलिस कैंप परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कैंप प्रभारी शैलेश कुमार ने की। उक्त बैठक में मुखिया अबुल कासिम, मरगूब आलम, सरपंच अज़हरुद्दीन, मुहर्रम कमेटी सदर मोहम्मद जमाल, कमेटी के स्थाई सदस्य नजरुल इस्लाम, राजकुमार रॉय, इस्लाम अंसारी अन्य सदस्य सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान मुहर्रम जुलूस, ताजिया रूट, सुरक्षा व्यवस्था और विधि व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कैंप प्रभारी ने विभिन्न गांवों से निकलने वाले जुलूस की जानकारी लेते हुए आयोजकों से निर्धारित समय और तय मार्ग का पालन करने की अपील की।
इस दौरान छत्तरगाछ, अठ्याबाड़ी, खानका, सिंघिमारी, सातमेरी, दीघली, भोटाथाना, सतबोलिया, मियाबस्ती और सोहागी सहित अन्य क्षेत्रों से निकलने वाले ताजिया जुलूस को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। पूर्व में जारी लाइसेंस, जुलूस के समय और मार्ग को लेकर भी लाइसेंसधारियों के साथ चर्चा की गई।
कैंप प्रभारी शैलेश कुमार ने कहा कि मुहर्रम हमें त्याग, इंसानियत और सच्चाई के रास्ते पर चलने का संदेश देता है। पर्व की खूबसूरती आपसी भाईचारे और शांति में है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन हर स्थिति पर नजर रखेगा। जुलूस मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेंगे। अफवाह फैलाने वालों और सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तुरंत पुलिस को दें। न्यायालय के निर्देश के आलोक में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, इसलिए सभी कमेटी नियमों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें।
वहीं उपस्थित मुखिया, सरपंच एवं जनप्रतिनिधियों व आमजनो ने संयुक्त रूप से कहा कि छत्तरगाछ क्षेत्र हमेशा से आपसी भाईचारे और गंगा जमुनी तहजीब की मिसाल रहा है। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी लोग प्रशासन के साथ कदम से कदम मिलाकर सहयोग करेंगे। समाज में अमन चैन बनाए रखना सभी लोगों की जिम्मेदारी है।
बैठक के अंत में सभी लोगों ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने और सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने का संकल्प लिया।
मौके पर आफताब अज़हर सिद्दीकी, परवेज अंसारी, सदस्य सदस्य संजीव लाल रॉय, शम्स मानिक लाल राय, शम्स जमाल बिट्टू, नइमुद्दीन, पजीर आलम, मोहम्मद हुसैन, देवा राम चौधरी, नन्दलाल रॉय, राजू अंसारी, महबूब टेलर सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।


























