मनिहारी /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र के छोटी हंसवर गांव निवासी अनंत कुमार यादव के सुपुत्र प्रशांत कुमार यादव ने बीपीएससी 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में 154 वीं रैंक प्राप्त कर अनुमंडलाधिकारी का पद हासिल किया है। उनकी इस शानदार सफलता से पूरे मनिहारी एवं कटिहार जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है।
वर्तमान में प्रशांत कुमार यादव पूर्णिया में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। लगभग 8 वर्षों की कठिन मेहनत,लगन और निरंतर तैयारी के बाद उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है। प्रशांत तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटे हैं। उनके पिता भारतीय सेना से सेवानिवृत्त सूबेदार हैं। जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी विभिन्न विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
प्रशांत की माता ने बताया कि बचपन से ही वह पढ़ाई में बेहद मेधावी रहे हैं और हर प्रतियोगी परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करते थे। उनकी सफलता का सपना आज साकार हुआ है, जिससे पूरा परिवार गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
अपनी सफलता पर प्रशांत कुमार यादव ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि लक्ष्य तय कर पूरी ईमानदारी, अनुशासन और फोकस के साथ तैयारी करें। समय-समय पर प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल हों, असफलताओं से निराश न हों और निरंतर प्रयास करते रहें।
सफलता अवश्य मिलेगी। प्रशांत कुमार यादव की यह उपलब्धि मनिहारी के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी और क्षेत्र के युवाओं को बड़े सपने देखने तथा उन्हें पूरा करने का हौसला देगी।




























