मूसलाधार बारिश से मानिकपुर-मुरारीगछ मार्ग का कलवर्ट धंसा, आवागमन पूरी तरह ठप

SHARE:

मो मुर्तुजा/ठाकुरगंज

शनिवार देर रात हुई लगातार मूसलाधार बारिश के कारण क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं। वहीं मानिकपुर-मुरारीगछ मुख्य मार्ग पर स्थित मानिकपुर गांव के समीप एक कलवर्ट के नीचे की मिट्टी धंस जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार मानिकपुर-सखुआडाली सड़क पर स्थित लगभग 30 वर्ष पुराना पुलनुमा कलवर्ट क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके दो पायों को नुकसान पहुंचने से क्षेत्र के लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने दोनों ओर बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही रोक दी है।


बताया जाता है कि इस मार्ग से जुड़े करीब 50 हजार की आबादी वाले कई गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है। पुल क्षतिग्रस्त होने की खबर फैलते ही उसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोगों में पुल की सुरक्षा और भविष्य को लेकर चिंता साफ दिखाई दी।


सूचना मिलने पर संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकारियों के निर्देश पर जेसीबी मशीन की सहायता से पुल के किनारे और नीचे जमा मलबा एवं कचरा हटाया गया, ताकि पानी का बहाव सामान्य हो सके।


स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से पुल की तकनीकी जांच कर शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र की जीवनरेखा है और इसके क्षतिग्रस्त होने से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।


ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते मरम्मत और मजबूतीकरण का कार्य नहीं कराया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और क्षतिग्रस्त पुल के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने की अपील की है।


वहीं आवागमन पूरी तरह ठप होने से क्षेत्र में उत्पादित अनानास और केला जैसे फलों को पश्चिम बंगाल के विधाननगर बाजार तक पहुंचाने में किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संपर्क मार्ग बाधित होने से किसानों में मायूसी देखी जा रही है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई