सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण कार्य को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

SHARE:

कटिहार – सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण कार्य को लेकर जिलाधिकारी अंजनी कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार पुर्णिया में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। समीक्षा बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे । जिले के सभी प्रखंडों से प्राप्त अद्यतन प्रतिवेदन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कार्य की प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया तथा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आगामी एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत जीवन प्रमाणीकरण कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र लाभुक को पेंशन से वंचित नहीं होने दिया जाएगा तथा लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाए।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर वृद्धजन, दिव्यांगजन एवं असहाय लाभुकों का घर-घर जाकर जीवन प्रमाणीकरण कराया जाए। उन्होंने आधार सीडिंग, बायोमेट्रिक सत्यापन तथा मृत्यु अंकन से संबंधित लंबित मामलों को भी शीघ्र निष्पादित करने का निर्देश दिया।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में कुल 3,43,248 सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों में से 80,251 लाभुकों का जीवन प्रमाणीकरण लंबित है, जो कुल लंबित मामलों का 23.38 प्रतिशत है। साथ ही 3,451 लाभुकों का आधार मैपिंग लंबित तथा 2,616 मामलों में मृत्यु अंकन किया गया है।


जिलाधिकारी ने सभी बीडीओ को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा कर अद्यतन प्रतिवेदन जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारियों की जवाबदेही निर्धारित की जाएगी।जिला प्रशासन द्वारा सभी पेंशनधारियों एवं उनके परिजनों से अपील की गई है कि वे अपने निकटतम प्रखंड, पंचायत कार्यालय अथवा आयोजित शिविर में जाकर शीघ्र जीवन प्रमाणीकरण कराएं, ताकि पेंशन भुगतान निर्बाध रूप से जारी रह सके। इस दौरान एडीएम रवि राकैश, सहायक निदेशक अमरेश कुमार सहित मौजूद रहे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई