घर में सो रहे झाड़फूंक करने वाले मौलवी की धारदार हथियार से हत्या,जांच में जुटी पुलिस

SHARE:

गांव में दहशत का माहौल

पत्नी ने खून से लथपथ देखा शव, दो नामजद
फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य

बरारी /कटिहार – बरारी थाना क्षेत्र के सिक्कट पंचायत के वार्ड 8 बड़ी बंका गांव में सोमवार देर रात मो. मुस्ताक (58) की धारदार हथियार से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। मृतक गांव में झाड़फूंक व ओझागुणी का काम करते थे और असाध्य रोगों के उपचार के लिए भी जाने जाते थे।

जानकारी के अनुसार मो. मुस्ताक सोमवार रात अपने घर के कमरे में सोए हुए थे। उनकी पत्नी महफूजा खातून भी उसी कमरे में मौजूद थीं। देर रात उनकी नींद खुली तो पति को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस व परिजनों को दी गई।


घटना की सूचना मिलते ही बरारी थानाध्यक्ष सुमेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। बाद में सदर-टु एसडीपीओ रंजन कुमार सिंह भी घटनास्थल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम एवं डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया।

टीम ने मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं।बरेटा मुखिया प्रतिनिधि जोहेर आलम ने बताया कि मो. मुस्ताक गांव में ओझागुणी का काम करते थे और समाज में उनकी अच्छी पहचान थी। उनकी हत्या से ग्रामीणों में आक्रोश है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेजा।पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी, पुत्र व पुत्रियों का रो-रोकर बुरा हाल था। इस संबंध में बरारी थानाध्यक्ष सुमेश कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी महफूजा खातून के आवेदन पर दो लोगों को नामजद किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द मामले के खुलासे का दावा किया है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई