कटिहार – जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में सहयोग शिविर आयोजन को लेकर पदाधिकारियों एवं कर्मियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।डीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला एवं प्रखंडस्तर के कार्यालयों के कार्यपालक सहायकों,डाटा एंट्री ऑपरेटरो को ऑनलाइन निष्पादन के बारे में बताया तो वहीं पदाधिकारियों को 30 दिनों के भीतर प्राप्त आवेदनों को निष्पादन कराने का सख़्त निदेश दिया।
आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान हेतु पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर का आयोजन किया जाना है,जो प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को संबंधित पंचायत सरकार भवन अथवा निकटवर्ती सार्वजनिक स्थल पर आयोजित किया जाएगा। पहला शिविर दिनांक 19.05.2026 को आयोजित किया जाएगा। शिविर की सफलता को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को सहयोग हेल्पलाइन नंबर-1100 का लोकार्पण किया एवं निर्देश भी जारी किये।
इस विडियो कांफ्रेस के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में सभी विभागों के मंत्री एवं सचिवों ने सहयोग शिविर के संबंध में विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण भी दिया। जिसमें जिला पदाधिकारी,पुलिस अधीक्षक सहित सभी जिलास्तरीय पदाधिकारी शामिल होकर मुख्यमंत्री द्वारा जारी निर्देशों को ध्यानपूर्वक ग्रहण किया। पदाधिकारियों ने अपने अधिनस्थों को 30 दिनों के भीतर प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का निदेश दिया।
सहयोग हेल्पलाइन नंबर लोकार्पण कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी,पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ,नगर आयुक्त संतोष कुमार , उप विकास आयुक्त अमित कुमार सहित सभी विभागों के जिलास्तरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे। इस दौरान बताया गया कि सहयोग शिविर में जहां आमजनों की समस्याओं एवं शिकायतों का निपटारा करना है।वहीं लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जानी है। शिविर के सफल संचालन के लिए विभागीय पदाधिकारी एवं कर्मियों की शिविर में उपस्थिति को अनिवार्य बताया गया है।
तो वहीं लापरवाही बरतने वालों पर कठोर कार्रवाई किये जाने की बात कही गई है। शिविर अनुश्रवण के लिए जिलास्तरीय अनुश्रवण कोषांग का गठन किया गया है।जिसके द्वारा रियल टाइम मॉनिटरिंग प्रणाली के माध्यम से सतत समीक्षा की जाएगी, एवं कोषांग प्रतिदिन पंचायतों में प्राप्त आवेदनों के संकलन तथा निष्पादन की विवरणी तथा पर्यवेक्षण से संबंधित प्रतिवेदन जिला पदाधिकारी को उपलब्ध कराएगा।
डीएम ने भारत जनगणना 2027 के प्रथम चरण में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को अपने आवंटित क्षेत्रों का भ्रमण कर मकानों की नंबरिंग एवं नजरी नक्शा चित्रांकन तैयार के संबंध में निदेश दिया।जिला सांख्यिकी पदाधिकारी को मकानों में उपलब्ध संसाधनों से संबंधित 33 प्रश्नावली को निर्धारित मोबाइल एप के माध्यम से भरने के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया ताकि जनगमना कार्य को समय पर संपन्न कराया जा सके। फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा दौरान जिला कृषि पदाधिकारी लंबित फार्मर रजिस्ट्री का कार्य समय पर संपन्न कराने का निर्देश दिया।




























