टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल 12वीं बटालियन द्वारा गुरुवार को “ई” समवाय माफ़ीटोला सीमा चौकी फतेहपुर अंतर्गत नव प्राथमिक विद्यालय खाताबस्ती में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों, विद्यार्थियों एवं जवानों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक- शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं सशस्त्र सीमा बल के कार्मिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। एसएसबी जवानों द्वारा बच्चों और उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। इस दौरान ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, अनुलोम- विलोम, कपालभाति सहित कई योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया।
एसएसबी अधिकारियों ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक और आत्मिक संतुलन बनाए रखने का एक प्रभावी माध्यम है। नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है, तनाव कम होता है तथा कार्यक्षमता में वृद्धि होती है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों से प्रतिदिन योग करने की अपील करते हुए इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में काफी उत्साह देखा गया।
बच्चों ने योगाभ्यास में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा योग से होने वाले लाभों की जानकारी प्राप्त की। एसएसबी के अधिकारियों ने सभी कार्मिकों एवं छात्रों को अपने परिवारजनों को भी योग के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। अंत में विद्यालय परिवार एवं स्थानीय लोगों ने एसएसबी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सीमावर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


























