705 बेटिकट यात्री पकड़े गये
4 लाख 90 हजार से अधिक जुर्माना किया गया वसूल
कटिहार – कटिहार रेल मंडल में चलाए गए तीन दिवसीय विशेष रेलवे मजिस्ट्रेट चेकिंग अभियान में कुल 705 बेटिकट यात्रियों से 4 लाख 90 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूल कर एक नया ऐतिहासिक रिकॉर्ड कायम करने में सफलता हासिल किया है।
इस व्यापक अभियान का नेतृत्व नव पदस्थापित रेलवे मजिस्ट्रेट श्री गौरव ने स्वयं किया। जानकारी के अनुसार कटिहार के अलावा किशनगंज, बारसोई एवं पूर्णिया सहित विभिन्न प्रमुख स्टेशनों और ट्रेनों में यह सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान राजधानी एक्सप्रेस, सीमांचल एक्सप्रेस,अवध असम एक्सप्रेस के अलावा साप्ताहिक ट्रेन जोधपुर एक्सप्रेस समेत दर्जनों मेल एवं पैसेंजर ट्रेनों में सघन जांच की गई।
वही चेकिंग के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वालों के अलावा महिला एवं दिव्यांग कोच में अवैध रूप से सफर करने वाले यात्रियों तथा स्टेशन परिसर में अनावश्यक रूप से घूमने वो मटरगस्ती वाले लोगों पर भी कार्रवाई की गई। इसके अलावा जनरल टिकट लेकर एसी कोच में यात्रा करने तथा ट्रेन में शराब सेवन करने जैसे मामलों में भी कई लोगों को पकड़ा गया।इस विशेष अभियान में लगभग चार दर्जन से अधिक आरपीएफ एवं जीआरपी की सुरक्षा एवं वाणिज्य कर्मियों की टीम के साथ पेशकार कुलदीप कुमार सिन्हा, नवीन कुमार के साथ प्रिंस कुमार एवं आदित्य कुमार सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।
रेलवे में लगातार तीन दिनों तक अलग-अलग दिशाओं में संपन्न रेलवे मजिस्ट्रेट चेकिंग का नेतृत्व स्वयं रेलवे मजिस्ट्रेट श्री गौरव ने किया जिससे उनकी सक्रियता से बेटिकट यात्रियों और रेलवे एक्ट का उल्लंघन करने वालों के बीच हड़कंप मच गया। राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर और रेल राजस्व की क्षति व नुकसान को रोकने और यात्रियों में अनुशासन बनाए रखने और रेलवे नियमों का पालन करने के उद्देश्य से यह विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया था जो आगे भी लगातार जारी रहेगा।
रिपोर्ट:सत्येंदु सुमन


























