पीड़िता का पति रोजगार के सिलसिले में सिक्किम में रहता है
सागर चंद्रा/किशनगंज
घर में अकेली रह रही पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र निवासी महिला को हत्या करने का भय दिखाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। गत वर्ष 27 जून को घटित घटना के बाद पीड़िता न्याय के लिए दर दर भटकती रही। यहां तक कि पुलिस ने भी उसकी गुहार को अनसुनी कर दिया। आखिरकार पीड़िता ने इंसाफ के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के निर्देश पर स्थानीय महिला थाने में केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता का पति रोजगार के सिलसिले में सिक्किम में रहता है। जबकि पीड़िता अपनी बुढ़ी मां के साथ घर में रहकर बच्चों का लालन-पालन करती है। लेकिन पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के मालबस्ती गांव निवासी मेराज आलम उसपर पूर्व से ही बुरी नजर रखता था। जिसकी शिकायत पीड़िता ने अपने पति से भी की थी और सतर्क रहने लगी थी।
गत वर्ष 27 जून की रात वह आंगन के पीछे चापाकल पर बर्तन धो रही थी। इसी दौरान आरोपी मेराज आलम चुपके से पहुंचा और हत्या करने का भय दिखाकर जबरन दुष्कर्म कर फरार हो गया। जाते जाते उसने पीड़िता को अपना मुंह बंद रखने की धमकी भी दी।
घटना के दूसरे दिन जब पीड़िता घटना की शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंची तो मेराज के परिजनों ने उसे ही मारपीट कर भगा दिया। पीड़िता ने मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर पंचायती करने की भी कोशिश की।
न्याय के लिए वह दर दर भटकती रही। यहां तक कि पुलिस ने भी उसकी गुहार को अनसुनी कर दिया। नतीजतन पीड़िता ने इंसाफ के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।
महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि न्यायालय के निर्देश पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पीड़िता का मेडिकल जांच कराया जा रहा है।























