बरारी /कटिहार – बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “सहयोग शिविर” को लेकर प्रखंड के सेमापुर क्षेत्र में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने सेमापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बैसागोविंदपुर पंचायत भवन पहुंचकर प्रस्तावित शिविर स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार आगामी 19 मई को यहां सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना है, साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है, ताकि ग्रामीणों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था की व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों के काउंटर समय पर स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर को जनहितकारी और सुव्यवस्थित बनाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने बताया कि इस पहल के तहत प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का 30 दिनों के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों का एक ही स्थान पर निपटारा किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि अब तक लगभग 40 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इस दौरान पंचायत समिति सदस्य दीपक कुमार सिंह ने डीएम का ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि आय प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहा है, जिससे उन्हें योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। साथ ही पंचायत सचिव की हड़ताल के कारण जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने में भी कठिनाइयां आ रही हैं।
इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।जिलाधिकारी ने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक लोगों तक शिविर की जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा ग्रामीण इस पहल का लाभ उठा सकें और अपनी समस्याओं का समाधान पा सकें। निरीक्षण के दौरान डीडीसी अमित कुमार, बीडीओ धीरेन्द्र कुमार धीरज, सीईओ मनीष कुमार, बीपीआरओ सह बीईओ राज कुमार सिंह, सांख्यिकी पदाधिकारी अंजनी कुमार, मुखिया अब्दुल मतीन, समाजसेवी आलमगीर, मो. खुशबूर सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



























