किशनगंज/पोठिया/राज कुमार
किशनगंज एडीएम के निर्देश के आलोक में बुधवार को पोठिया अंचलाधिकारी मोहित राज ने छत्तरगाच्छ हाट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हाट की बदहाल व्यवस्था देखकर स्थानीय लोगों, दुकानदारों और पशुपालकों का गुस्सा खुलकर सामने आया। लोगों ने अधिकारियों के समक्ष हाट की दुर्दशा, गंदगी, जलजमाव और कथित अवैध वसूली को लेकर जमकर शिकायत की।
स्थानीय लोगों ने बताया कि छत्तरगाच्छ बाजार पोठिया प्रखंड की सबसे बड़ी और सबसे अधिक राजस्व देने वाली हाटों में शामिल है। इसके बावजूद यहां की स्थिति बेहद दयनीय बनी हुई है। बाजार में जगह जगह कचरे का अंबार लगा है। मुख्य रास्तों पर गड्ढे बने हुए हैं और हल्की बारिश होते ही जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इससे खरीदारों, दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
लोगों ने कहा कि इस बाजार में एक समय में पांच से छह पंचायतों के हजारों लोग पहुंचते हैं, लेकिन बदहाल व्यवस्था के कारण अब लोग बाजार आने से कतराने लगे हैं। बाजार परिसर में फैली गंदगी और सड़ांध से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। कई लोगों ने आरोप लगाया कि पूर्व और वर्तमान हाट मालिकों द्वारा मवेशी हाट में सरकारी दर से अधिक बट्टी वसूली की जाती है। पशुपालकों ने प्रशासन से सरकारी दर तय कर सार्वजनिक करने की मांग की।
स्थानीय व्यापारियों ने कहा कि बाजार की नियमित साफ सफाई नहीं होने से ग्राहकों की संख्या प्रभावित हो रही है। वहीं हाट मालिक रमजान ने भी हाट की बदहाली स्वीकार करते हुए कहा कि अतिक्रमण के कारण सड़क पर ही हाट लगानी पड़ रही है। अधिकांश हिस्सों में जलजमाव रहने से व्यापारियों और खरीदारों दोनों को परेशानी उठानी पड़ती है। प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान की मांग की गई हैं।
सबसे गंभीर समस्या मवेशी हाट से होकर गुजरने वाली उस सड़क को लेकर सामने आई, जो कन्या माध्यमिक विद्यालय तक जाती है। शनिवार और बुधवार को हाट लगने के दौरान छात्राओं, राहगीरों और वाहन चालकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार जानवर लोगों को चोट भी पहुंचा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
निरीक्षण के दौरान सीओ मोहित राज ने कहा कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर निरीक्षण किया गया है। हाट की स्थिति अच्छी नहीं पाई गई। जगह जगह कचरा, जलमग्न रास्ते और अव्यवस्थित हाट के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है। सभी स्थलों की तस्वीरें और जानकारी एकत्र कर वरीय अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
इधर किशनगंज ठाकुरगंज मुख्य सड़क के बैंक चौक से लेकर शाही जामा मस्जिद तक खुले में चिकन बिक्री को लेकर भी लोगों में नाराजगी देखी गई। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने मांग की हैं कि चिकन दुकानों को हटाकर एक स्थायी स्थान पर शिफ्ट किया जाए ताकि सड़क पर गंदगी और दुर्गंध से लोगों को राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो आने वाले दिनों में छत्तरगाच्छ हाट अपनी पहचान खो सकता है। लोगों ने प्रशासन से अतिक्रमण हटाने, नियमित सफाई कराने, जलनिकासी, व्यवस्था दुरुस्त करने और अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग की है।
























