किशनगंज/सागर चंद्रा
शादी करने का झांसा देकर दिघलबैंक थाना क्षेत्र निवासी युवती के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। मामले का खुलासा मंगलवार को उस वक्त हुआ जब स्थानीय स्तर पर न्याय नहीं मिलने पर पीड़िता इंसाफ की गुहार लगाने पुलिस के समक्ष जा पहुंची। पीड़िता के लिखित शिकायत पर महिला थाने में केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता का प्रेम संबंध विगत दो वर्षों से ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के कुरिमुनी मंदिर टोला निवासी सचिन कुमार गणेश पिता घुमन लाल गणेश के साथ चल रहा था। इस दौरान सचिन शादी करने का झांसा देकर पीड़िता के साथ लगातार दुष्कर्म करता रहा। गत 23 मार्च को पीड़िता के गांव में अष्टजाम हो रहा था। इसके बावजूद भी सचिन ने जबरन पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के द्वारा शादी करने का दबाव बनाने पर सचिन उसे ठाकुरगंज मंदिर में शादी करने का बहाना बनाकर अपने गांव ले गया और चाचा के घर छोड़कर फरार हो गया।
जबकि सचिन के परिजनों ने उसे मारपीट कर भगा दिया। पीड़िता सारी रात बीच सड़क पर बैठकर रोती रही। स्थानीय लोगों की सूचना पर पीड़िता के मायके वाले पहुंचे और उसे घर वापस ले गए। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर पंचायती भी की गई।
लेकिन सचिन और उसके परिजन पंचायती में शामिल नहीं हुए। नतीजतन स्थानीय स्तर पर न्याय नहीं मिलने पर पीड़िता इंसाफ की गुहार लगाने महिला थाना पहुंच गई। वहीं महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि पीड़िता के लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।


























