कोयला लोड ट्रक को किया गया जप्त
किशनगंज। संवाददाता
जिले में इंट्री माफिया के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राज्य कर उपायुक्त व पुलिस के द्वारा सोमवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर संयुक्त रूप से अभियान चलाया गया। इस दौरान सदर थाना क्षेत्र से अवैध रूप से कोयला परिवहन कर रहे एक ट्रक को जप्त किया गया है।कोयला लोड ट्रक के साथ चालक को भी गिरफ्तार किया गया है।पकड़ा गया चालक महबूब खान बरेली मीरगंज का रहने वाला है।
मामले में मंगलवार को उक्त ट्रक चालक के विरुद्ध सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है।दर्ज प्राथमिकी के अनुसार ये ट्रक किशनगंज के रास्ते कोयला लेकर गुजर रहे थे। पुलिस व राज्य कर उपायुक्त की प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है की परिवहन के लिए इस्तेमाल किए जा रहे जीएसटी कागजात फर्जी हैं।जिसमें फर्जी जीएसटी कागजात तैयार कर कोयला परिवहन किया जा रहा था।जिससे नियमों के उल्लंघन की भी बात सामने आ रही है।कार्रवाई के दौरान मौके से सह चालक फरार हो गया।
ट्रक को असम से अररिया जिले के कुर्साकांटा ले जाया जा रहा था।पुलिस गिरफ्तार ट्रक चालक से पूछताछ कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। आशंका जताई जा रही है कि इसके पीछे संगठित गिरोह का हाथ हो सकता है, जो फर्जी कागजात के जरिए अवैध कोयला परिवहन का धंधा चला रहे हैं।
एसपी संतोष कुमार ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।


























