ठाकुरगंज थाना में जन सुनवाई: एसपी संतोष कुमार ने सुनी समस्याएं, बेहतर पुलिसिंग का दिया भरोसा

SHARE:

ठाकुरगंज/किशनगंज/मो मुर्तुजा

मंगलवार को ठाकुरगंज थाना परिसर में जन सुनवाई सह पुलिस-पब्लिक संवाद गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने की। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों और शहरी इलाकों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।


गोष्ठी में आम नागरिकों ने भूमि विवाद, सड़क जाम, अतिक्रमण, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशाखोरी, घरेलू विवाद और थाना स्तर पर लंबित मामलों सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। एसपी संतोष कुमार ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कई मामलों में त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


एसपी ने भ्रष्टाचार मुक्त शासन-प्रशासन को प्राथमिकता बताते हुए पुलिस-पब्लिक के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनता का सहयोग पुलिस के लिए बेहद जरूरी है। लोगों से अपील की गई कि किसी भी आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


इस मौके पर साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी गई। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया।
कार्यक्रम में शामिल लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखने का अवसर मिलने पर संतोष व्यक्त किया। कई फरियादियों ने कहा कि इस तरह की पहल से पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ता है और समस्याओं के समाधान में पारदर्शिता आती है।


गोष्ठी में मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल, पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि मुश्ताक आलम, पूर्व मुख्य पार्षद देवकी प्रसाद अग्रवाल एवं प्रमोद कुमार चौधरी, पूर्व सरपंच शौकत अली, डॉ. आसीफ सईद, पंसस तेज नारायण यादव, पूर्व पार्षद अनिल महाराज, सरपंच प्रतिनिधि नासीर आलम, थानाध्यक्ष मो. मकसूद आलम अशरफी सहित कई जनप्रतिनिधि, पुलिस पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


अंत में एसपी संतोष कुमार ने कहा कि किशनगंज पुलिस “संवेदनशील पुलिस, सशक्त समाज” के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है और आमजन की सेवा व सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि “आपकी सुरक्षा, हमारी जिम्मेदारी” है और किसी भी आपात स्थिति में 112 डायल कर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सकती है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई