अररिया में बड़ा ड्रग्स नेटवर्क ध्वस्त: पश्चिम बंगाल के 4 स्मैक सप्लायर गिरफ्तार, 1.035 किलो स्मैक बरामद

SHARE:

अररिया से अरुण कुमार की रिपोर्ट

सीमांचल में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अररिया पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पहली बार लोकल नेटवर्क को सप्लाई देने वाले अंतरराज्यीय स्मैक सप्लायरों तक पुलिस पहुंची है।

नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एनएच-27 स्थित न्यू मरंगा ढाबा के पास छापेमारी कर पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के चार सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 किलो 35 ग्राम स्मैक, एक हुंडई कार (WB 02 AQ 3598), चार मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।

एसपी जितेन्द्र कुमार ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बाहरी सप्लायर बड़ी खेप लेकर अररिया पहुंचे हैं। इसके बाद विशेष टीम का गठन कर घेराबंदी की गई और संदिग्ध कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड में रखे टूल बॉक्स से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी:

मो. उमेर अली (21) – सुजापुर, मालदा

मो. रोहित शेख (19) – फतेखानी, कलियाचक, मालदा

सबीरुल शेख (27) – बलुआ चारा, कलियाचक, मालदा

सदीकुल (19) – मालदा

एसपी ने बताया कि ये सभी आरोपी मालदा से स्मैक लेकर अररिया में लोकल तस्करों को सप्लाई देने आए थे। इससे पहले 26 अप्रैल को जीरो माइल के पास से हैदर नामक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया था, जो अपनी बहन को स्मैक पहुंचाने आया था।

मामले में नगर थाना में कांड संख्या 230/26 दर्ज कर बीएनएस और एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से सीमांचल में सक्रिय स्मैक नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई