यह जनगणना राष्ट्रहित एवं लोकहित की नीति-निर्धारण में उपयोगी होगी – नगर आयुक्त
कटिहार – जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर एक भेड़िया रहिका में भारत जनगणना 2027 के अंतर्गत चल रहे मकान सूचीकरण व मकान गणना कार्य का निरीक्षण किया।भारत जनगणना 2027 का यह प्रथम चरण पूरे जिले में दिनांक 02.05.2026 से प्रारंभ हो गया है।
इस कड़ी में प्रथम तीन दिन 02.05.2026 से 04.05.2026 तक प्रगणक एवं पर्यवेक्षक अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे तथा मकानों की नंबरिंग एवं नजरी नक्सा चित्रांकन तैयार करेंगे। इस कार्य में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी मकान छूटने न पाए और न ही किसी मकान की दो बार गणना हो।जिला पदाधिकारी श्री द्विवेदी ने बताया कि दिनांक 05.05.2026 से 31.05.2026 तक प्रगणक, पर्यवेक्षक प्रत्येक मकान,घर में जाकर मकानों में उपलब्ध आवश्यक संसाधनों से संबंधित 33 प्रश्नावली को निर्धारित मोबाइल एप census2027- Houselist App के माध्यम से भरेंगे।
साथ ही, जिन व्यक्तियों द्वारा स्वयं गणना स्वगणना की गई है। उनकी स्वगणना आईडी लेकर पूर्णावलोकन करते हुए सभी प्रविष्टियों की पुष्टि की जाएगी निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने वहां उपस्थित सुपरवाइजर एवं प्रगणकों के कार्यों का विस्तारपूर्वक निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर की मकान सूची क्रम एवं नक्शा सावधानीपूर्वक तैयार किया जाए ताकि जनगणना से संबंधित किसी भी प्रकार की कोई समस्या उत्पन्न न हो। जिला पदाधिकारी ने जिला सांख्यिकी पदाधिकारी को निदेशित किया कि भारत जनगणना 2027 के अंतर्गत मकान सूची से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उसका समाधान समय पर किया जाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रगणक एवं सुपरवाइजर को समय से पूर्व मकान सूची का कार्य पूर्ण करने का भी निदेश दिया गया।
नगर आयुक्त संतोष कुमार ने कहा कि इस राष्ट्रव्यापी कार्य में पूरे नगरवासियों से अनुरोध किया कि गणना कार्य में प्रतिनियुक्त प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें एवं प्रश्नावली की सही-सही जानकारी दें। ताकि इस जनगणना कार्य की शुद्धता एवं गुणवत्ता बनी रहे।
श्री कुमार ने कहा कि यह जनगणना राष्ट्रहित एवं लोकहित की नीति-निर्धारण में उपयोगी होगी। इस दौरान नगर आयुक्त संतोष कुमार, अपर समाहर्ता डाॅ विनोद कुमार ,उप विकास आयुक्त अमित कुमार,जिला सांख्यिकी पदाधिकारी मनोज कुमार वर्णवाल बरनवाल सहित अन्य पदाधिकारी, सुपरवाइजर एवं प्रगणक उपस्थित रहे ।




























