पौआखाली/रणविजय
पौआखाली नगर के नूरी चौक स्थित एक किराने की दुकान में दो दिनों पूर्व हुई चोरी की वारदात मामले में स्थानीय पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. पुलिस ने गिरफ्तार चोरों की निशानदेही पर ही चोरी किए गए नकद रुपए और सामान भी बरामद कर लिए हैं.
नूरी चौक स्थित किराना दुकान में हुई चोरी के बाद पीड़ित दुकानदार से प्राप्त लिखित शिकायत पर कार्रवाई प्रारंभ करते हुए पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई थी. पुलिस को मिले इनपुट के बाद छापेमारी के दौरान दो स्थानीय युवकों को हिरासत में लिया गया, जिन्होंने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया. गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कलाम 23 वर्ष, पिता- मोहमद्दीन, साकिन- सिमलबाड़ी और सज्जाद आलम उर्फ पानीडुब्बा 25 वर्ष, पिता- साबिर आलम, साकिन- सिमलबाड़ी, दोनों थाना क्षेत्र पौआखाली के रूप में की गई है.
पुलिस ने चोरी हुए नकद राशि 5,500, सिगरेट 06 पैकेट, 05 पाउच रजनीगंधा-तुलसी को बरामद किया है. थानाध्यक्ष अंकित सिंह ने बताया कि अपराध के मामले में पुराने खिलाड़ी हैं दोनों आरोपी. पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और उन पर पहले से भी कई मामले दर्ज हैं. सज्जाद उर्फ पानीडुब्बा के विरुद्ध पौआखाली थाना कांड संख्या- 37/21 चोरी और सेंधमारी, धारा 461/379/34 IPC,पौआखाली थाना कांड संख्या-14/25: गृह अतिचार और चोरी, धारा 331(4)/305(a) BNS, बहादुरगंज थाना कांड संख्या- 382/25: चोरी से संबंधित मामला धारा 303(2) BNS दर्ज है.
वहीं कलाम के विरुद्ध पौआखाली थाना कांड संख्या-33/21 चोरी का मामला धारा 379 IPC पूर्व में दर्ज है. थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों अभियुक्तों का पुराना अपराधिक रिकॉर्ड रहा है. इन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार गश्त और निगरानी कर रही है.

























