महर्षि मेंही महाराज की जयंती पर निकली प्रभातफेरी,सेवा व भक्ति का दिया संदेश

SHARE:

बरारी /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र में महर्षि मेंही महाराज की 142वीं जयंती श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ मनाई गई। गुरुवार सुबह महर्षि मेंही संतमत सत्संग मंदिर, गुरुबाजार से गाजे-बाजे के साथ भव्य प्रभातफेरी एवं झांकी निकाली गई। झांकी में महर्षि मेंही महाराज के सुसज्जित चित्र को फूलों से सजे रथ पर स्थापित किया गया, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

इस आयोजन में मंदिर समिति के अध्यक्ष शकलदेव यादव, कोषाध्यक्ष सह व्यवस्थापक किरण जायसवाल, सह व्यवस्थापक भोला पासवान उर्फ मौली, उप कोषाध्यक्ष अनुरंजन यादव, सदस्य लीला देवी, संदीप जायसवाल, कमलेश्वरी साह, अर्चना सिंह, ओमप्रकाश यादव,उमाशंकर मोदी, वीणा केडिया, गौरव केडिया, निखिल केडिया सहित सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग में भक्ति गीतों के साथ वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया।

प्रभातफेरी गुरुबाजार, बरारी हाट, बरारी बस्ती, टाली भट्टा, धर्मशाला रोड और जय जवान चौक समेत विभिन्न इलाकों से गुजरते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची। इसके बाद मंदिर में स्तुति-विनती, सत्संग, श्रद्धांजलि सभा और भंडारा का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में प्रवचनकर्ता किरण जायसवाल सहित अन्य वक्ताओं ने महर्षि मेंही महाराज के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन मानव सेवा, सहयोग और ईश्वर भक्ति को समर्पित किया।

उन्होंने समाज को सादगी, सदाचार और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया।वक्ताओं ने कहा कि गुरु के बिना ज्ञान संभव नहीं है और गुरु ही जीवन के सच्चे मार्गदर्शक होते हैं। गुरु -शिष्य परंपरा हमारी प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।अंत में श्रद्धालुओं ने महर्षि के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई