कटिहार – शहर के बरमसिया अरुण चौधरी सरस्वती शिशु मंदिर में एक विशेष दंत स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सचिव अमित कुमार गुप्ता उर्फ बबलू गुप्ता की अध्यक्षता एवं प्रधानाचार्य अमित रंजन भारद्वाज के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रसिद्ध दंत चिकित्सक डॉ. लीलाधर माहेश्वरी डेंटल सर्जन ने अपने सहयोगी दल के साथ विद्यालय के सभी भैया-बहनों का क्रमवार दंत परीक्षण किया।
उन्होंने बच्चों के दांतों की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण करते हुए उन्हें दांतों की स्वच्छता बनाए रखने, सही तरीके से ब्रश करने तथा संतुलित एवं स्वास्थ्यवर्धक खान-पान अपनाने की महत्वपूर्ण जानकारी दी। साथ ही उन्होंने बच्चों को यह भी बताया कि अत्यधिक मीठा एवं जंक फूड दांतों के लिए हानिकारक होता है।कार्यक्रम के दौरान बच्चों के बीच ब्रश,पेस्ट एवं स्वास्थ्यवर्धक मिठाई का वितरण किया गया। जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
डॉ. माहेश्वरी ने विद्यालय का निरीक्षण भी किया। चूंकि उनका इस विद्यालय से पूर्व से जुड़ाव रहा है, उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक एवं अनुशासनात्मक व्यवस्था की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं। इस अवसर पर विद्यालय की आचार्य एवं दीदी नेहा कुमारी, प्रिया कुमारी एवं अर्चना कुमारी की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही। साथ ही विद्यालय परिवार के अन्य सदस्यों एवं संबंधित गणमान्य व्यक्तियों की भी उपस्थिति रही।


























