भारत-नेपाल सीमा जिलास्तरीय समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न, अपराध नियंत्रण हेतु संयुक्त रणनीति पर सहमति

SHARE:

अररिया/अरुण कुमार

भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं समन्वय को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से भारत-नेपाल सीमा जिला समन्वय समिति (BDCC) की महत्वपूर्ण बैठक आज आईसीपी, जोगबनी (अररिया) में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी विनोद दूहन ने की।

बैठक में नेपाल के मोरंग एवं सुनसरी जिलों के मुख्य जिला अधिकारी (सीडीओ) सहित पुलिस एवं सशस्त्र बलों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में पुलिस अधीक्षक अररिया श्री जितेन्द्र कुमार, एसएसबी के वरिष्ठ अधिकारी, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हुए।

बैठक के दौरान सीमा क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने अवैध हथियार, गोला-बारूद, नशीले पदार्थ, शराब, पशु एवं उर्वरक की तस्करी पर सख्त निगरानी एवं संयुक्त कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही, अपराधियों के सीमा पार आवागमन को रोकने हेतु समन्वित प्रयासों को और अधिक सशक्त बनाने पर सहमति बनी।

जिला पदाधिकारी ने सीमावर्ती क्षेत्रों में उग्रवाद, आतंकवाद, तस्करी, धार्मिक कट्टरवाद एवं निर्जन भूमि पर अतिक्रमण जैसी चुनौतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए इनसे निपटने के लिए संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने इस प्रकार की बैठकों को नियमित अंतराल पर आयोजित किए जाने की जानकारी भी दी।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार  ने राज्य में लागू शराबबंदी के संदर्भ में सीमा पार से होने वाली अवैध शराब की तस्करी पर विशेष सतर्कता की आवश्यकता जताई तथा नेपाली पक्ष से अवैध शराब की दुकानों पर नियंत्रण एवं विनियमन का अनुरोध किया।

दोनों देशों के अधिकारियों के बीच यह सहमति बनी कि सीमा पार अपराध, मानव तस्करी एवं नकली मुद्रा के प्रचलन को रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर सूचनाओं का नियमित आदान-प्रदान किया जाएगा। इसके तहत पुलिस थाना स्तर पर साप्ताहिक समन्वय बैठकें आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

इसके अतिरिक्त, संदिग्ध एवं चिन्हित अपराधियों के संबंध में गोपनीय सूचनाओं के आदान-प्रदान, संयुक्त तलाशी अभियान एवं विशेष जांच अभियान चलाने पर भी सहमति व्यक्त की गई। नेपाल पक्ष के प्रतिनिधियों ने भारतीय प्रशासन द्वारा किए गए स्वागत एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार के समन्वित प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!