संवाददाता:बिपुल विश्वास
फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र में फारबिसगंज विधायक मनोज विश्वास रामपुर दक्षिण पंचायत में पुल निर्माण कार्य की शुरुआत किया.यह पुल अंसारी चौक से इस्लामपुर मार्ग पर बनाया जाएगा, जो लंबे समय से स्थानीय लोगों की प्रमुख मांग रहा है.सोमवार को आयोजित एक समारोह में विधायक मनोज विश्वास ने इस परियोजना का शिलान्यास किया. मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत बनने वाले इस पुल की कुल लंबाई 89.48 मीटर निर्धारित की गई है और इसके निर्माण पर लगभग 7 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत आएगी.
विधायक बनने के बाद मनोज विश्वास द्वारा क्षेत्र में शुरू किया गया यह पहला बड़ा विकास कार्य माना जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है.ग्रामीणों के अनुसार, आजादी के बाद से अब तक इस मार्ग पर पुल नहीं होने के कारण विशेषकर बरसात के मौसम में आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता था. लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और बाजार तक पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था.
कई बार बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती थी, तो मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता था.इस पुल के निर्माण से रामपुर दक्षिण, अंसारी चौक और इस्लामपुर समेत आसपास के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा.आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के सामाजिक व आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी.परियोजना के निर्माण का कार्य मेसर्स साथी कंस्ट्रक्शन द्वारा किया जाएगा.
























